मशहूर गायिका जैस्मीन सैंडलस ने अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर देर रात तक संगीत की धुनों पर झूमता रहा।
जैसे ही जैस्मीन मंच पर पहुंचीं तो छात्रों ने तालियों और मोबाइल फ्लैशलाइट के साथ उनका स्वागत किया।
उन्होंने यार न मिले, इल्लीगल वेपन, शरारत, जाइए सजना, सिप-सिप और मैं और तू सहित कई चर्चित गीतों की प्रस्तुति दी।
धुरंधर फिल्म के सुपरहिट ट्रैक्स पर छात्रों का उत्साह देखने लायक था। छात्रों की मांग पर उन्होंने लोक गीतों का फ्यूजन भी पेश किया, जिसने माहौल को और भी खास बना दिया।
एक के बाद एक हिट गीतों पर पूरा मैदान डांस फ्लोर में तब्दील नजर आया। रंग-विरंगी रोशनी, हाई बीट्स और युवाओं के जोश ने पूरे परिसर को म्यूजिक फेस्ट का रूप दे दिया।
इसके अलावा प्रसिद्ध संगीत निर्माता और डिस्क जाकी डीजे चेतस ने भी सुपरहिट बालीवुड मिक्स और इलेक्ट्रानिक बीट्स से माहौल को और अधिक ऊर्जावान बना दिया।
उनकी प्रस्तुति के दौरान छात्र लगातार थिरकते नजर आए। इस दौरान संगीत और नृत्य के साथ विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।यह कार्यक्रम संगीत, रचनात्मकता और युवा संस्कृति का भव्य संगम बनकर उभरा। विवि प्रशासन के अनुसार ऐसे आयोजनों का उद्देश्य छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ अपनी प्रतिभा दिखाने और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने का मंच प्रदान करना है।