माफियाओं के जाल में नीट परीक्षा, CBI करेगी घोटाले का पर्दाफाश

नई दिल्ली: मेडिकल की तैयारी कर रहे देश के लाखों छात्रों के लिए इस वक्त की सबसे सनसनीखेज और झकझोर देने वाली खबर सामने आ रही है. केंद्र सरकार की हरी झंडी के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित हुई देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को पूरी तरह से रद्द (CANCEL) कर दिया है. प्रश्न पत्र लीक होने और देशव्यापी धांधली के पुख्ता सबूत मिलने के बाद चौतरफा घिरी सरकार ने यह ऐतिहासिक और कड़ा फैसला लिया है. अब यह परीक्षा आगामी 21 जून 2026 (रविवार) को पूरे देश में नए सिरे से आयोजित की जाएगी.

 CBI करेगी महा-ऑपरेशन

इस महा-विवाद का पर्दाफाश तब हुआ जब राजस्थान स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) की जांच में एक खौफनाक सच सामने आया. माफियाओं ने परीक्षा से पहले ही व्हाट्सएप और सोशल मीडिया ग्रुप्स पर 60 पन्नों का एक हस्तलिखित (Handwritten) ‘गेस पेपर’ लीक कर दिया था. चौंकाने वाली बात यह है कि इस लीक पेपर के करीब 120 सवाल (90 बायोलॉजी और 30 केमिस्ट्री) मुख्य परीक्षा के ओरिजिनल प्रश्न पत्र से हूबहू मैच कर गए, जिसने पूरी परीक्षा प्रणाली को ही कटघरे में खड़ा कर दिया. SOG ने इस मास्टरमाइंड नेटवर्क के गुर्गे मनीष यादव और राकेश मंडावरिया को दबोच लिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए अब इसकी कमान सीबीआई (CBI) को सौंप दी गई है, जो इस रैकेट की जड़ों को उखाड़ने के लिए देशव्यापी छापेमारी कर रही है.

22 लाख छात्रों में मंचा हड़कंप

नीट परीक्षा के इतिहास में हुए इस सबसे बड़े फैसले के बाद देश भर के लगभग 22.05 लाख पंजीकृत परीक्षार्थियों और उनके परिवारों में हड़कंप मच गया है. हालांकि, एनटीए ने छात्रों के गुस्से को शांत करने के लिए एक बड़ी राहत दी है; री-एग्जाम (Re-NEET 2026) के लिए किसी भी छात्र से कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा और न ही दोबारा फॉर्म भरना होगा. सभी पुराने रजिस्ट्रेशन और एग्जाम सेंटर की चॉइस ही मान्य रहेगी. एनटीए आगामी 14 जून 2026 को नए सिरे से एडमिट कार्ड जारी कर देगी. इस बार दोबारा पेपर लीक जैसी शर्मनाक स्थिति से बचने के लिए परीक्षा केंद्रों पर अभूतपूर्व सुरक्षा, जैमर और डिजिटल सर्विलांस का पहरा रहेगा. वहीं, शिक्षा मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि इस महा-धांधली के बाद अगले साल से नीट परीक्षा को पूरी तरह कंप्यूटर आधारित (Online CBT Mode) करने की तैयारी चल रही है.

About The Author

Leave Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *