Headlines

हजारों छात्रों का पटना में महा-आंदोलन: TRE-4 नोटिफिकेशन के लिए बैरिकेडिंग तोड़ रहे युवाओं पर बरसी लाठी

bihar-patna-bpsc-tre-4-teacher-aspirants-protest-police-lathi-charge-dilip-kumar-arrested शिक्षक बहाली की मांग को लेकर प्रदर्शन

पटना : बिहार की राजधानी पटना की सड़कें शुक्रवार को एक बार फिर रणक्षेत्र में तब्दील हो गईं. बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की चौथी चरण की शिक्षक भर्ती (TRE 4.0) के विज्ञापन को जारी करने की मांग को लेकर पटना की सड़कों पर उतरे हजारों युवाओं पर पुलिस ने जोरदार लाठीचार्ज कर दिया. डाकबंगला चौराहा, जेपी गोलंबर और बाकरगंज इलाके में पुलिस ने दौड़ा-दौड़ा कर प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों को पीटा, जिसमें कई छात्र और छात्राओं को गंभीर चोटें आई हैं. इस कार्रवाई के बाद पूरे राज्य के छात्र संगठनों में भारी उबाल है.

 पटना कॉलेज से मार्च निकालते ही भड़की हिंसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब 5,000 से अधिक शिक्षक अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर पटना कॉलेज परिसर में इकट्ठा हुए थे. वहां से जैसे ही छात्र शांतिपूर्ण मार्च निकालते हुए जेपी गोलंबर की ओर बढ़े और बीपीएससी कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की, पुलिस ने उन्हें लोहे के बैरिकेड्स लगाकर रोक दिया. आक्रोशित अभ्यर्थियों ने जब आगे बढ़ने की जिद की और बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास किया, तो पुलिस का सब्र जवाब दे गया. बिना किसी वाटर कैनन या आंसू गैस के इस्तेमाल के, पुलिसकर्मियों ने सीधे लाठियां भांजनी शुरू कर दीं. चारों तरफ चप्पलें बिखर गईं और कई अभ्यर्थियों के कपड़े खून से सने नजर आए. छात्र नेता दिलीप कुमार सहित चार प्रमुख प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर बाद में जेल भेज दिया है.

आश्वासन से तंग आकर फूटा छात्रों का गुस्सा

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का आरोप है कि बीपीएससी परीक्षा नियंत्रक ने पूर्व में आश्वासन दिया था कि अप्रैल के आखिरी हफ्ते में ही TRE-4 का विज्ञापन जारी कर आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, लेकिन मई का महीना बीतने को है और सरकार लगातार इस भर्ती को टाल रही है. करीब 13 लाख से अधिक उम्मीदवार इस अधिसूचना का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. छात्रों का कहना है कि वे जमीन गिरवी रखकर और कर्ज लेकर पटना में तैयारी कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है. इधर, नए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मामले पर सफाई देते हुए कहा है कि छात्रों की समस्याओं का जल्द ही बैठकर सकारात्मक समाधान निकाला जाएगा और किसी के साथ अन्याय नहीं होगा.

 विपक्ष ने सरकार को घेरा

       इस बर्बर लाठीचार्ज के बाद बिहार की राजनीति पूरी तरह से गरमा गई है. विपक्ष के नेताओं ने सरकार पर सीधा और तीखा हमला बोला है:

      तेजस्वी यादव का तंज: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा, “अपने बच्चों को बिना चुनाव लड़ाए सीधे मंत्री बना दो, और                 जनता के बच्चों पर लाठियां बरसाओ! यही एनडीए सरकार का असली चेहरा है. रोजगार विरोधी सरकार के इस धोखे को बिहार का युवा कभी नहीं भूलेगा.

           पटना से पुरुषोत्तम कुमार की रिपोर्ट

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *