उत्तर प्रदेश के मेरठ में बीए की एक छात्रा की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पूर्व प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला पिछले कुछ दिनों से काफी चर्चा में है, क्योंकि छात्रा परीक्षा देने घर से निकली थी और तीन दिन बाद उसका शव गन्ने के खेत में मिला।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय छात्रा 15 मई को बीए फाइनल ईयर की परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार ने काफी तलाश की और फिर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस और सर्विलांस टीम ने जांच शुरू की।तीन दिन बाद रोहटा इलाके के एक गन्ने के खेत में छात्रा का शव मिला। शव हालत देखकर इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या के साथ दुष्कर्म की आशंका भी जताई।
जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिले, जिनमें छात्रा आरोपी युवक अंकुश के साथ बाइक पर जाती दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस के मुताबिक आरोपी और छात्रा के बीच पहले प्रेम संबंध थे। आरोपी को शक था कि छात्रा किसी दूसरे युवक से बात कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में उसने हत्या कर दी।मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि मामले की जांच के लिए कई टीमें बनाई गई थीं। फोरेंसिक और सर्विलांस टीम की मदद से आरोपी तक पहुंचा गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हत्या अकेले की गई या इसमें और लोग शामिल थे। परिजनों का कहना है कि छात्रा के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी हत्या की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस बात की आधिकारिक पुष्टि हो पाएगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों और कुछ संगठनों ने प्रदर्शन भी किया और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और मामले की आगे जांच जारी है।