स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल-2026 अच्छा नहीं रहा है। टीम ने जीत के साथ शुरुआत की थी, लेकिन बाद में लगातार हार ने उसका अभियान पटरी पर से उतार दिया। अब जब सीजन खत्म होने को है तो उसकी परेशानियों में इजाफा हुआ है। टीम के दो खिलाड़ी चोटिल होकर बाकी बचे मैचों से बाहर हो गए हैं।
मुंबई को अभी अपने दो मैच और खेलने हैं। उसकी कोशिश होगी कि वह इन दोनों मैचों को जीत सीजन का अंत जीत के साथ करे। मुंबई के 12 मैचों में चार जीत और आठ हार के बाद आठ अंक हैं।
ये दो खिलाड़ी हुए बाहर
मुंबई को अपना अगला मैच 20 मई को ईडन गार्डन्स स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेलना है। वहीं आखिरी मैच अपने घर वानखेड़े स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलना है। इन दोनों मैचों में मुंबई के क्विंटन डिकॉक और राज अंगद बावा उपलब्ध नहीं होंगे। दोनों चोट के कारण बाकी बचे सीजन से बाहर हो गए हैं। मुंबई ने बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी है।
बयान में बताया गया है कि डिकॉक बाईं कलाई में चोट के कारण बाहर हो गए हैं। ये चोट उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच से पहले लगी थी। राज अंगद बावा को पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में दाएं अंगूठे में चोट लग गई थी और इसी कारण वह बाकी बचे मैच नहीं खेलेंगे।
घर पर रहेंगे दोनों
बयान में बताया गया है कि दोनों ही खिलाड़ी अपने घरों पर रहकर फिटनेस में सुधार करेंगे और इस दौरान मुंबई इंडियंस की टीम की निगरानी में रहेंगे।
मुंबई ने बयान में कहा, “डिकॉक और बावा दोनों दोनों अपने रिहैब अपने घर पर करेंगे। इस दौरान दोनों को मंबई इंडियंस की मेडिकल टीम का सपोर्ट मिलता रहेगा ताकि वह जल्द से जल्द फिट हो सकें।”