
बिहार के गयाजी-डोभी-पटना मुख्य मार्ग पर शनिवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की एक चलती बस अचानक आग का गोला बन गई।
घटना मगध मेडिकल थाना क्षेत्र स्थित एटी गेट संख्या-5 और AIIMS के समीप हुई, जहां देखते ही देखते बस से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस धू-धूकर जलने लगी और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

AIIMS और एयरपोर्ट के पास मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब तीन बजे बस गया की ओर लौट रही थी। तभी बस के पिछले हिस्से से धुआं निकलना शुरू हुआ और अचानक आग फैल गई। AIIMS अस्पताल और गया एयरपोर्ट के नजदीक हुई इस घटना से सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।सड़क किनारे मौजूद लोग बस से निकलती लपटें देखकर दहशत में आ गए। कई राहगीरों ने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

चालक और कंडक्टर ने कूदकर बचाई जान
बस में अचानक आग लगते ही चालक और कंडक्टर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी रोक दी और नीचे उतर गए।
राहत की बात यह रही कि बस में कोई यात्री सवार नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
चालक ने बताया कि आग सबसे पहले पीछे के हिस्से में लगी थी, जो तेजी से आगे तक फैल गई।
कुछ ही मिनटों में बस के शीशे फटने लगे और अंदर से तेज धमाकों जैसी आवाजें आने लगीं।

दमकल की टीम ने एक घंटे बाद पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही मेडिकल थाना पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंच गया।
पहले छोटी दमकल गाड़ी आग बुझाने पहुंची, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए बड़ी फायर ब्रिगेड मंगानी पड़ी।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर गया-डोभी मुख्य मार्ग पर दोनों ओर से यातायात रोक दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई।

नई बस में शॉर्ट सर्किट की आशंका
मेडिकल थाना अध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला शॉर्ट सर्किट का प्रतीत हो रहा है।
वहीं बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रमंडलीय प्रबंधक आशीष कुमार ने बताया कि बस नई थी और शोरूम से डिपो लाई जा रही थी।

उन्होंने कहा कि मरम्मत और तकनीकी जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल बस पूरी तरह जलकर राख हो चुकी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।